Tuesday, December 13, 2011

सो प्रोग्राम पिटे तो पिटे।

डीसीसी ने मंत्रियों की इमेज को
पहुंचाया धक्का, नहीं जुटी भीड़
श्रीगंगानगर-जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को सरकार के दो मंत्रियों की इमेज को बहुत धक्का पहुंचाया। पता नहीं यह सब उनकी रणनीति का हिस्सा था या अनजाने में हुआ। कमेटी ने सरकार के तीन साल पूरे होने पर महावीर दल मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमे राजस्थान के चिकित्सा मंत्री दुर्रु मियां,कृषि विपणन मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर भी आए। चलो कुन्नर का कांग्रेस से कोई लेना देना नहीं है। किन्तु यह प्रोग्राम सरकार की उपलब्धियों को बताने के बारे में था। और कुन्नर सरकार का एक हिस्सा हैं। जब तक मंत्री रहे तब तक भीड़ के नाम पर नाम मात्र के कांग्रेस जन थे। आम आदमी ने तो होना ही क्या था। कहने को यहां नगर परिषद में कांग्रेस के सभापति हैं। नगर विकास न्यास में कांग्रेस के चेयरमेन हैं। लेकिन इसके बावजूद मंत्रियों की बात सुनने वालों का टोटा हो गया। असल में त कोई भी कांग्रेसी किसी दूसरे के कार्यक्रम में भीड़ देखना ही नहीं चाहता। इस खींचतान के कारण किसी भी प्रोग्राम में भीड़ नहीं होती जो सत्ता पार्टी के कार्यक्रम में होने की उम्मीद की जा सकती है।एक बात और कमेटी के जिलाध्यक्ष कुलदीप इंदौरा का गंगानगर से अब कोई लेना देना रहा नहीं। उनका पूरा ध्यान अनूपगढ़ क्षेत्र पर है। जहां से उन्होने पिछली बार विधान सभा का चुनाव लड़ बड़ी पराजय का सामना किया था। बाकी नेता क्यों कौलदीप की बल्ले बल्ले करवाने लगे। सो प्रोग्राम पिटे तो पिटे।

Sunday, December 11, 2011

बी डी अग्रवाल भी असफल रहे कांडा के लिए भीड़ जुटाने में




श्रीगंगानगर-नगर विकास न्यास के चेयरमेन ज्योति कांडा अग्रवाल के लिए अग्रवाल सेवा समिति के मुख्य संरक्षक बीडी अग्रवाल भी सम्मान जनक भीड़ जुटाने में कामयाब नहीं हो सके। बी डी अग्रवाल ने समिति और सेठ मेघराज चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले कांडा का अभिनंदन समारोह आयोजित किया था। नगर में अग्रवालों के 20 से 25 हजार वोट होने की बात की जाती है किन्तु समारोह में एक हजार अग्रवाल भी नहीं पहुंचे। जब समारोह अपने पूरे शबाब पर था तब भी उपस्थिति गरिमापूर्ण नहीं थी। जिले की कई मंडियों से बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग पहुंचे इसके बावजूद कार्यक्रम की वह शान नहीं बन सकी जो होनी चाहिए थी। अनेकानेक संगठनों का कार्यक्रम होने के बाद भी भीड़ कम होना चर्चा का विषय बना हुआ था। कम भीड़ के कारण बी डी अग्रवाल को अपने सम्बोधन में अहम छोड़ने की बात काही। बिना बुलाये समाज के कार्यक्रम में पहुँचने की अपील की। उनको यह कहना पड़ा कि या तो खुद नेतृत्व करो या फिर किसी के समर्थक बनो। बी डी के नेतृत्व में यह पहला ऐसा कार्यक्रम था जिसमें आशा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटी। वरना हमेशा इस प्रकार के कार्यक्रम में ना केवल भीड़ होती रही है बल्कि भीड़ में उत्साह भी देखने को मिलता था। इस बार ना तो कोई उत्साह था ना कोई उमंग। भीड़ के लिए खुद बी डी अग्रवाल ने समाज के लोगों को व्यक्तिगत रूप से कहा। ऐसा लगता है कि जैसे समाज में ज्योति कांडा को लेकर कोई खास उत्साह नहीं है। इसके साथ साथ संगठन के पदाधिकारी खुद तो आ गए किन्तु अपने परिवार को नहीं लाये। बहुत से कांडा जी को माला पहना कर चलते बने। जो आए उनमें से अधिकांश केवल और केवल बी डी अग्रवाल को सूरत दिखाने के लिए ही आए।

अग्रवाल समाज चार विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा-बी डी

श्रीगंगानगर-बीजेपी और कांग्रेस ने अग्रवाल समाज को महत्व नहीं दिया तो समाज की ओर से बीकानेर,हनुमानगढ़ और गंगानगर जिले की चार विधानसभा सीटों पर समाज के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। यह घोषणा नगर विकास न्यास के चेयरमेन ज्योति कांडा अग्रवाल के अभिनंदन समारोह में अग्रवाल सेवा समिति के मुख्य संरक्षक बी डी अग्रवाल ने की। श्री अग्रवाल ने कहा कि दोनों मुख्य पार्टी गंगानगर,हनुमानगढ़,नोहर और बीकानेर से अग्रवाल उम्मीदवारों की घोषणा समय रहते करे। वरना समाज इन चारों सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगा। श्री अग्रवाल ने यह ऐलान समाज की ओर से किया। उन्होने कहा कि जो पार्टी पहले अग्रवाल उम्मीदवार घोषित करेगी समाज का रुख उसके प्रति नर्म रहेगा। उन्होने कहा कि अग्रवाल को न्यास का चेयरमेन नियुक्त कर कांग्रेस सरकार ने कोई अहसान नहीं किया।यह हमारा हक था। यह तो अभी शुरुआत है। अभी बहुत कुछ मिलेगा किन्तु इसके लिए एकता बनाए रखनी होगी। श्री अग्रवाल ने इसके लिए अहम छोड़ने की अपील की। उनका कहना था-मेरे कहने से दो तीन साल के लिए अपने अपने अहम छोड़ कर समाज के लिए एक हो जाओ। कोई मतलब ना निकले तो फिर अहम पकड़ लेना। क्योंकि अहम ही एकता मे सबसे बड़ी रुकावट है। उन्होने कहा कि या तो कांग्रेस,बीजेपी अग्रवालों को उसका हक दे दें वरना छीन लिया जाएगा। क्योंकि निर्मल जल के लगातार प्रयास से पत्थर भी शालिग्राम में बादल पूजनीय हो जाते हैं। श्रीअग्रवाल ने शहर में सस्ते मकानों की आवश्यकता जताई। क्योंकि मकानों,भूखंडों के दाम इतने अधिक हो गए कि आम आदमी घर का सपना पूरा नहीं कर सकता। उन्होने कहा कि इसपर काम किया जाना बहुत जरूरी है। श्री अग्रवाल ने सभी के साथ सहयोग और मित्रता के साथ चलाने की बात की। उनका मानना था कि सहयोग और मित्रता के बिना कोई भी समाज आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होने शहर के लिए सीवरेज,बरसाती पानी की निकासी और रेलवे ओवर ब्रिज को सबसे जरूरी बताया। इनके बिना शहर का समुचित विकास संभव नहीं। समारोह को हनुमान गोयल,पुरुषोतम गोयल,सरोज महीपाल,पवन बुडाकिया,शिव दर्शन गोयल, बनवारी लाल गोयल,बी डी जिंदल,नरेश अग्रवाल मुन्ना ने भी संबोधित किया। सभी ने समाज की एकता के लिए बी डी अग्रवाल द्वारा किए जा रहे प्रयासो की खूब सराहना की। चेयरमेन ज्योति कांडा को अनेकानेक संगठनों की ओर से फूल मालाएँ पहनाई गई। समृति चिन्ह भेंट किए गए। मंच पर चेयरमेन ज्योति कांडा के पत्नी पंकज कांडा भी मौजूद थीं। समारोहका आयोजन अग्रवाल सेवा समिति और सेठ मेघराज जिंदल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किया गया था।

काम से पहले ही होने लगा सम्मान




श्रीगंगानगर-नगर विकास न्यास के चेयरमेन ज्योति कांडा अग्रवाल ने चेयरमेन के रूप में अभी कोई काम नहीं किया। कोई नीतिगत फैसला नहीं लिया। इसके बावजूद चेयरमेन का सम्मान होना शुरू हो गया। पता नहीं यह परंपरा है या चापलूसी। इससे तो ऐसे लगता है जैसे काम का कोई महत्व ही नहीं है,पद ही सब कुछ हो गया। एक बार जो सम्मान का सिलसिला आरंभ हो गया वह तब चलेगा जब तक इनकी विदाई नहीं हो जाती और तब काम करने के लिए कुर्सी नहीं बचेगी। विश्वास नहीं तो राजकुमार गौड़ से पूछ लो। न्यास क्षेत्र का कोई गली,मोहल्ला ऐसा नहीं जहां गौड़ साहब का सम्मान नहीं हुआ हो। शहर के आम जन में ज्योति के चेयरमेन बनने पर अच्छी प्रतिक्रिया है मगर सम्मान करवाने को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखा जा रहा। एक बात और चेयरमेन बनने के बाद जो चहल पहल ज्योति कांडा अग्रवाल के आस पास होनी चाहिए वह नहीं हो पाई है। ना तो बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने के लिए न्यास दफ्तर पहुंचे ना ही निवास। दो,चार,पांच लोगों का आना कोई आना नहीं है। इतने तो वैसे भी आते जाते होंगे। पुराना परिवार है। कारोबार है। समाज है। रिश्तेदार है। इस प्रकार के पद मिलने के बाद जो भीड़ दिखनी चाहिए वह नजर नहीं आ रही। राजनीतिक आदमी के पास पद होने के बावजूद भीड़ ना हो तो जनता में संदेश बढ़िया नहीं जाता। खुद को भी अनमना महसूस होता है। अभी तक जीतने भी प्रोग्राम श्री कांडा के हुए उनमे नाम मात्र के लोग थे। इसी प्रकार रहा तो जो रुतबा कांडा परिवार का था वह भी नहीं रहेगा। बेशक जनता खुल कर बोलने की हिम्मत ना करे किन्तु आपस में बातचीत के समय इस प्रकार की बातें चर्चा का मुख्य विषय होतीं हैं। धीरे धीरे एक दूसरे से होती हुई यही टिप्पणियाँ शहर भर में प्रचलित हो किसी भी राजनीतिक आदमी का बंटाधार कर देती हैं। नए चेयरमेन के साथ आरंभ में ही ऐसा हुआ तो उनके लिए यह गंभीर और सभापति जगदीश जांदू,राजकुमार गौड़ के लिए सुकून देने वाली बात है। आखिर तीनों का लक्ष्य भी एक ही तो है।

Saturday, December 10, 2011

रिसर्च के लिए शव का दान किया





श्रीगंगानगर- स्थानीय विनोबा बस्ती के एक परिवार ने अपने मुखिया का निधन हो जाने पर उसके परिजनों ने समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। उन्होंने मृत देह को मेडिकल रिसर्च के लिए दान कर दिया। इस मौके पर जहां गुरूद्वारा साहब के ग्रंथी ने अरदास की, वहीं डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों ने भी दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना । डेरा सच्चा सौदा की देहदान कमेटी के रामचन्द्र चौपड़ा ने बताया कि 287 विनोबा बस्ती निवासी डा. श्यामसुंदर के पिता सुरेश अरोड़ा का कल निधन हो गया था। जिस पर उनकी अंतिम इच्छा को देखते हुए उनके परिजनों ने नेत्रदान-देहदान कमेटी से सम्पर्क किया। कमेटी ने सुरक्षित नेत्र उत्सर्जित करवा जगदम्बा धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय भिजवाये। परिजनों की देहदान की इच्छा को देखते हुए कमेटी ने टांटिया मेडिकल कॉलेज से सम्पर्क किया। देहदान के लिए सहमति व्यक्त करवाकर डेरा अनुयाईयों व परिजनों की उपस्थिति में रिसर्च के लिए देहदान कर दी गई। अंतिम शव यात्रा में सुरेश अरोड़ा की अर्थी को पुत्रों डा. श्यामसुंदर, प्रवीण व पुत्री कंचन अरोड़ा ने कंधा दिया। शव यात्रा में शहर के गणमान्य नागरिक, पार्षद व पूर्व पार्षद सहित सैंकड़ों डेरा अनुयाई शामिल हुए। ज्ञात रहे कि नगर में पहले भी कई परिवार अपने परिजन के शवों को रिसर्च के लिए मेडिकल कालेज को दान कर चुके हैं।

कांडा के नियुक्ति से अग्रवाल समाज का मान बढ़ा है-बी डी

श्रीगंगानगर-अग्रवाल सेवा समिति और सेठ मेघराज जिंदल चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में नगर विकास न्यास के चेयरमेन ज्योति कांडा अग्रवाल का रविवार को एक भव्य,गरिमापूर्ण समारोह में अभिनंदन किया जाएगा। यह समारोह हनुमानगढ़ रोड पर स्थित विकास डब्ल्यू एस पी के वेयर हाउस प्रांगण में होगा। सेवा समिति के मुख्य संरक्षक बी डी अग्रवाल ने एक बयान में कहा है कि अग्रवाल समाज की सामाजिक एवं सांगठनिक एकता के कारण राजस्थान की कांग्रेस सरकार के मुखिया अशोक गहलोत ने अग्रवाल समाज को महत्व देते हुए समाज के ऊर्जावान,युवा नेता ज्योति कांडा अग्रवाल को नगर विकास न्यास का चेयरमेन नियुक्त किया है। श्रीअग्रवाल ने कहा है कि कांडा की नियुक्ति से अग्रवाल समाज का सम्मान बढ़ा है। समाज में उत्साह है। उन्होने कहा कि अग्रवाल सेवा समिति समाज को एकता के सूत्र में पिरोने के प्रयास के मद्देनजर यह समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होने बताया कि इस समारोह में श्रीगंगानगर,हनुमानगढ़ जिले की अगर संस्थाओं के पदाधिकारियों,कार्यकारिणी को आमंत्रित किया गया है। सभी संयुक्त रूप से श्री कांडा का अभिनंदन करेंगी। श्रीअग्रवाल ने समाज को बधाई देते हुए कहा कि यह तो एकता की शुरुआत का पहल नतीजा है। अगर समाज इसी प्रकार एकजुट रह कर काम करेगा तो समाज को निरंतर इससे भी बढ़ी उपलब्धियां मिलती रहेंगी। उन्होने सभी अग्र परिवारों से समारोह में उपस्थित होने का आग्रह किया है ताकि संगठन की शक्ति दूर दूर तक दिखाई दे और अनुभव हो।

Thursday, December 8, 2011

कांग्रेस में सत्ता के तीन केंद्र गौड़,जांदू और कांडा

श्रीगंगानगर- ज्योति कांडा अग्रवाल के यूआईटी अध्यक्ष बनने का मतलब केवल इतना ही नहीं है की पहली बार अग्रवाल समाज को किसी पार्टी ने महत्व दिया है। इसके अलावा भी बहुत कुछ है। जो हाल फिलहाल बेशक किसी को दिखाई ना दे किन्तु विधानसभा चुनाव से पहले वह दिखाई भी देगा जो अब अधिक दूर नहीं दिखते। शहरके राजनीतिक मिजाज को समझने वालों से चर्चा करने पर यह पता लगता है की अब यहां कांग्रेस के तीन सत्ता केंद्र हो गए हैं।राधेश्याम गंगानगर जब कांग्रेसी हुआ करते थे उस समय तक केवल और केवल राधेश्याम ही सत्ता के पहले और आखिरी केंद्र थे। तब से ले कर आज तक बहुत कुछ बदल गया।राधेश्याम के हृदय परिवर्तन के बाद अशोक गहलोत ने राजकुमार गौड़ को दूसरा मौका दिया। अफसोस वह अपने आप को एक मात्र केंद्र नहीं बना सके या उनके आस पास के लोगों ने उनको ऐसा नहीं करने दिया। 2008 में जो उनके पास था उसमे भी कमी आ गई। 2009 में सभापति बनने के बाद जगदीश जांदू ने उसको अपनी और लपक लिया। कांग्रेस में वापसी ने गौड़ के प्रभाव को और कम किया। एक दो सभापति,दूसरा हर किसी को ओबलाइज करने की नीति। ये अलग बात है कि 2009 के मुक़ाबले जांदू का जनाधार बहुत अधिक कम हुआ है। परंतु चूंकि उनके पास भोग के लिए बहुत कुछ है इसलिए भीड़ तो होनी ही है। अब बात करें ज्योति कांडा की। वे पहली बार किसी पद पर आए हैं। किन्तु राजनीति से उनके परिवार का नाता बहुत पुराना है। 1977 में उनके पिता मदनलाल कांडा ने विधानसभा की टिकट ठुकरा दी थी। साढ़े तीन दशक बाद उनका बेटा यही टिकट लेने के प्रयास ना करे ये संभव नहीं। हां अगर डेढ़ ,दो साल की चेयरमेनी भी खुश हो गए तो बात अलग है। लक्ष्य टिकट है तो सत्ता का तीसरा केंद्र बनना तय है। कांग्रेस ने विकल्प तो दे ही दिया। राजकुमार गौड़ के पास नहीं जाना चाहते मत जाओ। जांदू के कार्यशैली पसंद नहीं,दफा करो। ज्योति कांडा अग्रवाल को आजमाओ। उसके पास जाओ। बस इसी प्रकार से कोई सत्ता का केंद्र बन जाता है। अब ज्योति कांडा, जिसने अपने नाम के आगे आज अग्रवाल और लिख कर पता नहीं क्या संदेश देने की कोशिश की है, इन सब बातों पर कितना गौर करते हैं? जनता से कैसा व्यवहार करते हैं? यह उन पर निर्भर करता है। ये सभी नेता एक मंच पर बैठ कर चाहे एकता के कितने भी भाषण दे मगर ये सच है कि तीनों की आँख आज के बाद टिकट पर होगी। किसी ने कहा है-हम ना बदलेंगे,वक्त की रफ्तार के साथ,हम जब भी मिलेंगे अंदाज पुराना होगा।

कांग्रेस की खिलाफत करने वाला बना यूआईटी का अध्यक्ष

श्रीगंगानगर-कांग्रेस में कब क्या हो जाए कोई नहीं जानता। अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ज्योति कांडा को श्रीगंगानगर विकास न्यास का अध्यक्ष नियुक्त किया है। ज्योति कांडा का परिवार पुराना कांग्रेसी है। लेकिन 2009 के सभापति चुनाव में इसी ज्योति कांडा ने कांग्रेस प्रत्याशी कश्मीरी लाल जासूजा का साथ नहीं दिया था। वे निर्दलीय उम्मीदवार जगदीश जांदू के साथ थे। इस बात को बस दो साल हुए हैं। दबे स्वर में यह बात कांग्रेस जन स्वीकार करते हैं कि ज्योति कांडा कांग्रेस के साथ नहीं था। इसके बावजूद उसका अध्यक्ष बनना अचरज की बात है। एक उदाहरण और...अबोहर में बलराम जाखड़ के बेटे की मौत पर शोक प्रकट करने आए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए ज्योति कांडा ने शानदार जलपान का आयोजन किया था। परंतु मुख्यमंत्री बिना कुछ लिए लौट गए थे। क्योंकि उनको ये बताया गया था कि केवल चाय का प्रबंध है जबकि वहाँ विभिन्न प्रकार के मिष्ठान भी थे। तब श्री गहलोत भड़क गए और बिना कुछ लिए लौट गए थे। यह बात लंबे समय तक चर्चा का विषय रही थी। ज्योति कांडा को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह का आदमी माना जाता है। इस पद के लिए ज्योति कांडा का नाम बहुत आगे पीछे चल रहा था। 1977 में ज्योति कांडा के पिता श्री मदन लाल को विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार बनाया जा रहा था। किन्तु उन्होने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। क्योंकि तब तो हार तय थी। उस समय राधेश्याम गंगानगर ने चुनाव लड़ा था।

Monday, December 5, 2011

जिस लीला मदेरणा ने मीडिया को कोसा,लोगों को कैमरे तोड़ने के लिए उकसाया। मीडिया कर्मियों पर हमे करवाए। वही मीडिया उनके बुलावे पर उनके घर गया। इससे अधिक बेबसी क्या होगी...जो कोसती है उसी की बात सुनने जाना पड़ा....पता नहीं यह बेबसी है.....मजबूरी है...या कर्म... स्वाभिमान तो इसमें कहीं दिखता ही नहीं।हमारे साथ ये सब ....हमारी खुद की कमजोरी है ...या हम हैं ही इसी के काबिल। विचार करने की बात हैं।

Sunday, December 4, 2011

कलेक्टर,एसपी का शासन नहीं है


श्रीगंगानगर-आनंद कुमार गौरव की दो लाइनों से बात शुरु करते हैं-खड़े बिजूके खेत में,बनकर पहरेदार,भोले भाले डर रहे,चतुर चरें सौ बार। जिस देश में सभी धर्म,पंथ एक समान हैं उसी देश के श्रीगंगानगर क्षेत्र में किसके घर,गली,मोहल्ले,में कौन किस देवी,देवता,धर्म गुरु,संत,महात्मा......का नाम लिया जाएगा,किसका नहीं। शहर में कौन आएगा? किस मंदिर में किस किस को आरती,पूजा करने की स्वीकृति होगी! मस्जिद में नमाज पढ़ी जाएगी या नहीं!बाइबल पढ़ने,सुनने के अधिकारी कौन हैं! समाज सेवा का कार्य होगा या नहीं, यह सब टिम्मा एंड कंपनी तय करेगी।उनकी मर्जी इजाजत दे ना दे। इजाजत मिल गई तो करो कार्यक्रम वरना नहीं। कलेक्टर,एसपी कुछ नहीं अब तो जो कुछ है टिम्मा एंड कंपनी ही है। क्षेत्र में कितने ही ऐसे लोग हैं जो आईपीसी,सीआरपीसी,पुलिस एक्ट,आबकारी एक्ट...की धाराओं में मुल्जिम हैं। बहुत लोगों ने दोषी होने पर सजा भी काटी है। इन सभी ने किसी आदमी,परिवार,समाज की भावनाओं को आहत किया होगा! तो क्या इन सबको शहर से बाहर कर दिया जाए। विभिन्न धाराओं में आरोपित लोगों को शहर में आने ही ना दिया जाए। यह संभव नहीं। क्योंकि इनके लिए कोई अलग ठिकाना नहीं है। सभी घर,समाज,गली,मोहल्ले,नगर,शहर कहीं भी आने जाने के लिए स्वतंत्र हैं। तो फिर संत राम रहीम गुरमीत सिंह को क्यों रोका जा रहा है। मत मानो संत,एक साधारण से साधारण आदमी ही सही। कोई इंसान जिस पर चाहे जैसे भी कितने ही गंभीर आरोप हों क्या वह कोई सामाजिक,धार्मिक कार्य नहीं कर सकता। हमारे यहां तो ऐसे लोगों को मुख्य अतिथि तक बनाने का रिवाज है। क्या अब यहां वही होगा जो टिम्मा एंड कंपनी चाहेगी?यह प्रश्न कलेक्टर एसपी से करना बेमानी है। उन्होने तो अपनी कार्य प्रणाली से बता दिया। इसलिए प्रश्न जनता की अदालत में । क्योंकि जो प्रशासन चंद लोगों की धमकी से डर कर सामाजिक कार्य की इजाजत नहीं दे सकते, वे ये जिला चला रहें हैं, कैसे मान लें। जनता जान गई कि कलेक्टर,एसपी वो नहीं है जो सबकी भावनाओं की कद्र के लिए,सबका मान सम्मान बनाए रखने के लिए,सबकी स्वतन्त्रता की रक्षा करने के लिए सरकार नियुक्त करती है। कलेक्टर,एसपी तो यह कंपनी है। यही कंपनी है यहां की शासक,प्रशासक और सरकारी अधिकारी,कर्मचारी हैं इनके सामंत। जनता है डरपोक प्रजा। जो कंपनी के भय के चलते अभियान के पक्ष में खड़ी नहीं हो सकी। सही सुनते थे कि रब नेड़े या घुसण्ड। बेचारी प्रजा क्या करे! जब एसपी कलेक्टर ही हिम्मत नहीं दिखा सके तो आम आदमी की क्या बिसात! डर सबको लगता है। गला सबका सूखता है। आनंद गौरव की ही लाइन से बात समाप्त करते हैं—बहेलिया और चील में पनपा गहरा मेल,कबूतरों के साथ में खेलें खेल गुलेल।

Tuesday, November 15, 2011

जादूगर के जादू का इंतजार

श्रीगंगानगर-राजस्थान मंत्री परिषद ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत में विश्वास व्यक्त करते हुए सभी स्तीफ़े उनको सौंप दिये हैं। नई मंत्री परिषद या तो बुधवार को शपथ लेगी अथवा राष्ट्रपति की राजस्थान यात्रा के बाद। वैसे इसके अलावा और कोई रास्ता भी नहीं था। गोलमा देवी लंबे समय से “नखरे” कर रही थी। आमीन खान और महिपाल मदेरणा को अलग अलग कारणों से हटाया जा चुका है। रामलाल जाट ने खुद मंत्री पद छोड़ दिया। भरोसी लाल जाटव, बाबू लाल नागर,भंवर लाल मेघवाल,शांति धारीवाल जैसे मंत्री लंबे समय से अशोक गहलोत के लिए मुश्किल बने हुए थे। ऐसे में पुनर्गठन के अतिरिक्त कोई रास्ता भी नहीं था। हालांकि मुख्यमंत्री के पास अधिक कोई विकल्प नहीं थे। इसलिए उन्होने थोड़ा बहुत फेरबदल के लिए पार्टी को तैयार किया था। किन्तु राजनीतिक हालत एक दम से ऐसे बदले कि सब संभावनाएं इधर उधर हो गई। सोमवार दोपहर बाद राजनीतिक गलियारों की दीवारें थोड़ी बोलने लगीं। उसके बाद बिलकुल साफ हो गया कि समूहिक स्तीफ़े ही राजनीति की इस समस्या का एक मात्र ईलाज है। इससे एक तो अशोक गहलोत के जाने की अटकलों पर विराम लगेगा। दूसरा उनकी ताकत बढ़ेगी। जिससे वे बचे हुए समय में नई मंत्री परिषद के साथ कुछ ऐसा करे जिससे राजस्थान में पार्टी की बिगड़ी हालत कुछ सुधारे नहीं तो और अधिक ना बिगड़े। उधर मंत्रियों के समूहिक स्तीफ़े के बाद मंत्री पद पाने के इच्छुक कांग्रेस विधायकों ने अपने आकाओं के माध्यम से लोबिंग शुरू कर दी। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले में कांग्रेस के कुल 6 विधायकों में से 5 पहली बार विधान सभा पहुंचे हैं। हनुमानगढ़ के विनोद कुमार तीसरी बार विधायक बने हैं। अगर जाति के संदर्भ में संभावना तलाशे तो विनोद कुमार मंत्री परिषद में जगह पा सकते हैं।वे जाट भी हैं और अनुभवी विधायक भी। भादरा के निर्दलीय जयदीप डूडी तीन साल से ईनाम के इंतजार में हैं।किन्तु अपेक्स बैंक के चुनाव के बाद वे इस दौड़ से एक बार तो बाहर हो गए थे। निर्दलीय गुरमीत सिंह कुनर को परिषद में जगह पक्की है। इनके अलावा किसी का नंबर लगने के चांस नजर नहीं आते। हां,ये सच है कि अशोक गहलोत के पास एक तो अधिक च्वाइस नहीं है दूसरा उनको अपनी और पार्टी की गिरती छवि को बचाना है।इसके लिए वे क्या जादू दिखाते हैं इसका इंतजार सभी को है।

Thursday, October 13, 2011

समय के मारे हैं


समय के मारे हैं इसलिए बेचारे हैं।

वरना चाहने वाले तो हमारे भी

आपके जैसे बहुत सारे हैं।

Tuesday, October 11, 2011

ओवरब्रिज। अंडरपास। बढ़िया सड़कें।हरियाली। सुंदर स्ट्रीट लाइट...मुर्दों के लिए

श्रीगंगानगर-सिवरेज। ओवरब्रिज। अंडरपास। बढ़िया सड़कें। चारों तरफ हरियाली। सुंदर स्ट्रीट लाइट........और भी बहुत कुछ जो शहर को बहुत अच्छा कहलाने को मजबूर कर दे। मगर ये सब क्या मुर्दों के लिए होगा? वर्तमान हालात में तो इसका जवाब यस ही है। जिंदा ही नहीं रहे तो इन सबका क्या मतलब। ये सब तो इन्सानों के लिए होता है। इंसान इनके लिए नहीं। लाइट आज आवश्यक क्या अतिआवश्यक है। इसके बिना जीवन की कल्पना......बहुत ही मुश्किल है। श्रीगंगानगर शहर में तो कुछ अधिक ही कठिन। क्योंकि यहां इंसान कम मच्छर अधिक है। इंसान तो कई लाख होंगे मच्छर कई करोड़। इंसान गर्मी तो काट ला मगर मच्छरॉ का क्या करे? सोमवार सुबह से मंगलवार सुबह तक शहर में लाइट की क्या स्थिति रही है! सब जानते हैं। संभव है बड़े अधिकारी ना जानते हों। कारण कि उनके यहां वैकल्पिक व्यवस्था रहती है।लाइट जाने का मतलब क्या होता है ये वे भी नहीं समझते होंगे जिनके यहां इंवर्टर है। जनरेटर की सुविधा है। लाइट ना होने का असली अर्थ वही बता सकते हैं जो सारी रात जागे हैं। लाइट तो गई सो गई। मच्छरों ने कुछ पल भी चैन से सोने नहीं दिया। रात को बिजली ना होने से क्या होता है उस शिशु की माँ से पूछो जो रात भर कभी पंखे से। कभी गत्ते से और कभी आँचल से हवा कर मच्छर भागती रही। वह बताएगी उसकी बेचैनी। नहीं भी बताए तो उसकी आँखों में पढ़ लेना। सुबह उसको सुला कर तब कहीं माँ को करार आया होगा। धीरे धीरे घर का काम निपटाती है कि कहीं उसके लाडले की नींद ना टूट जाए। ऐसा ही हाल था बुजुर्गों का। रात भर परेशान रहे। इतनी बेचैनी कि उसका वर्णन करना संभव नहीं। रात भर जागा इंसान जल्दी ड्यूटी करने क्या तो जाएगा। चला भी गया तो क्या काम कर पाएगा। कलेक्टर कहते हैं सिवरेज का निर्माण जल्दी शुरू होगा। अंडर पास भी बनवा देंगे। सड़कों की मरम्मत भी हो जाएगी। स्ट्रीट लाइट भी शहर को जगमग करेंगी। लेकिन कलेक्टर साहब ये सब काम किसके आएगा।लाइट होती नहीं। मच्छरों की भरमार। ऐसे में जिंदा कौन रहेगा? जो स्वस्थ होगा वही। ऐसे हालात में कोई स्वस्थ कैसे रह सकता है। इसलिए आपको कुछ करना है तो पहले मच्छरों ने निजात दिलवाइए। लाइट 24 घंटे नहीं तो उस समय तो रहे जब सबसे अधिक जरूरी हो। यह सब नहीं भी करवा सकते तो कोई बात नहीं। क्योंकि हम तो हमारे चुने जन प्रतिनिधियों का कुछ नहीं बिगाड़ सकते आपको कहने की हिम्मत तो बहुत बड़ी बात है।

Sunday, October 9, 2011

शुक्रिया जिला कलेक्टर। धन्यवाद एसपी साहब।

श्रीगंगानगर-शुक्रिया जिला कलेक्टर। धन्यवाद एसपी साहब। आभार उन सभी अधिकारियों का जो उनके साथ थे।श्रीगंगानगर के इतिहास में यह पहला मौका था जब कलेक्टर,एसपी की अगुवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बस में एक साथ जिला मुख्यालय का भ्रमण किया। उसकी मुख्य समस्या को देखा। उसके समाधान के बारे में चर्चा की।यह तो संभव है कि कलेक्टर एसपी शहर का दौरा करें। अधिकारियों को भी बुला लें। धूल उड़ाती कई सरकारी गाड़ियां इधर उधर आती जाती दिखाई दें। जनता को लगे कि कुछ हो रहा है। मीडिया ये समझे कि कोई बड़ी गंभीर घटना हो गई। पर यह बात कल्पना से परे थी कि जिला प्रशासन ही बस में सवार हो नगर के हालात खुद देखेगा। ना केवल देखेगा बल्कि वहीं चर्चा भी करेगा। शहर का कोई हिस्सा शायद ही बचा होगा जहां बस ना पहुंची हो। बात ये नहीं कि समस्याओं का समाधान होगा या नहीं। बात ये भी तो है कि अब तो खुद प्रशासन ने अपनी आंख से सब कुछ देख लिया। कुछ ना कुछ तो होगा ही। यह सब पब्लिसिटी के लिए किया हो लगता नहीं। क्योंकि कलेक्टर,एसपी को पब्लिसिटी करवा के क्या करना है। प्रशासनिक सूत्रों से पता चला है कि कलेक्टर और एसपी में बहुत अच्छी ट्यूनिंग है। इनका मकसद दीपावली तक शहर की दशा में सुधार करने की है। ताकि इस बड़े त्योहार पर जनता को अपना शहर ठीक ठाक लगे। चाहे बहुत बड़ा सुधार कम समय में करने में कलेक्टर,एसपी सफल ना हों लेकिन इतना जरूर हो जाएगा जिससे जनता को ये लगे कि बस में प्रशासन घूमा तो कुछ तो हुआ। ये संयोग ही है कि ठीक दिवाली के दिन ही इस बार श्रीगंगानगर का स्थापना दिवस भी है। दोनों ही श्रीगंगानगर का स्थापना दिवस नए स्टाइल से मनाने के बारे में न केवल सोच रहें हैं बल्कि दोनों के पास कोई प्लानिंग भी है। सूत्र कहते हैं कि बुजुर्ग व्यक्तियों के अनुभव भी इस प्लानिंग का हिस्सा होंगे। इसके अलावा नगर के अनेक ऐसे व्यक्ति भी स्थापना दिवस समारोह में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रशासन के साथ हो सकते हैं जो निर्विवाद हैं। जिनकी सोच कुछ हट के करने की हो। प्रशासन सूत्रो से इसी प्रकार के व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त करने में लगा है। संभव है उन तक प्रशासन का संदेह पहुंचे।अनिल गुप्ता कहते हैं-समय स्वयं समझा देगा अपने और पराए कौन,मैं मुद्दत से उसका हूं लेकिन उसे बताए कौन। एसएमएस मनीष गर्ग का—संता बंता से,कौनसी कास्ट के लोग देश के अच्छे नागरिक होते हैं? बंता-बनिए। संता-कैसे?बंता-हर स्थान पर लिखा होता है देश के अच्छे नागरिक “बनिए”।

Tuesday, October 4, 2011

पकड़ा सच का हाथ

---चुटकी---

पकड़ा सच का हाथ

बिगड़ गई हर बात,

बन गई इक इक बात

जब चला झूठ के साथ।

Sunday, October 2, 2011

अचरज,प्रसन्नता,खिन्नता,चिंता,उम्मीद और असमंजस है दवा योजना

श्रीगंगानगर-अचरज,प्रसन्नता,खिन्नता,असमंजस, थोड़ी चिंता और उम्मीद। बस यही है राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना। वह गरीब जिसको मुफ्त दवा मिली उसको अचरज और प्रसन्नता दोनों का अनुभव हुआ। डाक्टरों के लिमिट तय हो गई।उनको वही दवा लिखनी थी जो उनकी लिस्ट में है।जो नर्सिंग स्टाफ कभी काम नहीं करता था उनको काम करना पड़ा। इसलिए उनको खिन्नता हुई। वे लोग भी ऐसे ही दिखे जिनको पूरी दवा मुफ्त नहीं मिली। सरकारी अस्पतालों के आस पास जो दवाइयों की दुकाने हैं उनके मालिकों के चेहरों पर कुछ उदासी,चिंता थी।आज उनका काम 50 से 75 प्रतिशत कम रहा।मगर इसके बावजूद उनको उम्मीद थी कि उनके कारोबार पर इस योजना का अधिक असर नहीं पड़ेगा। क्योंकि सरकार पूरी दवा उपलब्ध नहीं करवा सकती। जो दवा सरकारी दुकान पर नहीं होगी वह मरीज को बाहर से लानी ही होगी। इसके अलावा ऐसे लोगों की संख्या भी बहुत होगी लाइन में लगने की बजाए प्राइवेट दुकान से दवा खरीद कर जल्दी घर या अपने काम पर जाना चाहेंगे। एक वर्ग ऐसा भी है जो असमंजस में है कि उनका क्या होगा? इस वर्ग में पेंशनर्स अधिक हैं। सबसे अधिक राशि भी सरकार इन्ही की दवाओं पर खर्च करती थी। इसका दुरुपयोग भी भी बहुत अधिक होता था। कोई भी योजना पहले ही दिन सौ प्रतिशत सफल हो जाए,संभव नहीं। ऐसा ही यहां भी था। सरकारी दुकान पर जो दवा थी वह दे दी गई। जो नहीं थी पर्ची पर उसके नाम के आगे “उपलब्ध नहीं” की मोहर लगा दी गई। ताकि मरीज दवा कहीं और से ले खरीद सके। इसी योजना को शुरू करने के लिए राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त संसदीय सचिव श्री कुमावत यहां आए। सरकारी अस्पताल प्रांगण में समारोह हुआ। जिसमें आम जन की अनुपस्थिति साफ दिखाई दे रही थी। वहां श्री कुमावत के रूप में सरकार थी। सरकारी पार्टी के नेता थे।विपक्ष के रूप में बीजेपी विधायक राधेश्याम गंगानगर। सरकार के प्रतिनिधि के रूप में प्रभारी सचिव थे। जिला कलेक्टर थे। डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ तो होना ही था।


Friday, September 30, 2011

दुर्गा मंदिर में भी अतिथि जिला कलेक्टर देवो भवः


श्रीगंगानगर-अतिथि देवो भवः। अतिथि भगवान है। मेहमान ईश्वर तुल्य है।वह देवता के समान है। और अतिथि जिला कलेक्टर हो तो! तो वह 33 करोड़ देवी देवताओं के बराबर हो जाता है। जिला कलेक्टर अतिथि चाहे श्रीदुर्गा माता के मंदिर में हों। हैं तो अतिथि ही। और अतिथि देव तुल्य है। तो फिर जब साक्षात देवता,ईश्वर,भगवान आपके समक्ष हो तो फिर उस देवी माता की पूजा,आराधना,वंदना का क्या,जिसको दशकों से मंदिर में विराजमान कर रखा है। जिसके लिए महोत्सव होता है।कलेक्टर आता है।यही,बिलकुल यही दृश्य था विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर में। रात को सवा आठ बजे से लगभग 9 बजे तक। माता का पहला नवरात्रा। शाम की आरती का समय हो चुका। घंटे,घड़ियाल बज रहें हैं। माँ दर्शन को आए नर नारी,बच्चे उत्साह में हैं। पधाधिकारी मुख्य द्वार पर जिला कलेक्टर का इंतजार में।उनके साथ उनके कुछ खास भी हैं। कोई फूल माला देख रहा है। किसी के हाथ में ड्राई फ्रूट,मिष्ठान की प्लेट है। चेहरों पर चमक है। घंटे मंदिर में गूंज रहें हैं। लो भक्तो जिला कलेक्टर सपत्नीक मंदिर में पधार चुके हैं। श्री दुर्गा माता का क्या, वो तो माँ हैं। मंदिर में ही रहेंगी। जिला कलेक्टर रोज रोज अतिथि देव कहाँ बनते हैं! घंटे,घड़ियाल के मधुर स्वर के बीच अतिथि का स्वागत हुआ। कलेक्टर और उनकी धर्म पत्नी ने बड़ी ही विनम्रता से आवभगत स्वीकार की। देव पधारे तो साथ फोटो हुई। तब उनको देवी माता के प्रतिमा के समक्ष लाया गया। साथ चलने की हौड़ तो होनी ही थी। अतिथि देव होते हैं ना। देव के संग चलने का अवसर माता ने दिया तो चलना ही था। कलेक्टर,उनकी पत्नी कुछ क्षण हाथ जोड़ माता के समक्ष खड़े रहे। आरती के समय परिक्रमा की इजाजत नहीं होती। परंतु कलेक्टर पत्नी के साथ अतिथि के रूप में थे। अतिथि भगवान होते हैं। इसलिए सब बंधन खुल गए। एक परिक्रमा के पश्चात कलेक्टर की पत्नी ने बहुत ही सादगी,श्रद्धा,विश्वास के साथ एक सामान्य महिला की भांति घुटने के बल बैठ माता को प्रणाम किया। घंटे घड़ियाल बज रहें हैं। पदाधिकारी उनको एक कमरे में ले गए। कुछ मिनट बाद वापिस आए। आरती के बाद उनको स्मृति चिन्ह के रूप में माता का चित्र भेंट किया गया। आरती की मर्यादा,पुजारी की गरिमा,माता के प्रति श्रद्धा सब पीछे रह गए। क्योंकि अतिथि देवो भवः। और अतिथि जिला कलेक्टर। एक एसएमएस नरेंद्र शर्मा का—मंदिर के बाहर एक भिखारी, एक महिला से,ओ सुंदरी सवा पांच रुपए दे दो अंधा हूं। महिला का पति पत्नी से बोला, दे दो,तुम्हें सुंदरी कह रहा है,यकीनन अंधा ही है।अनिल गुप्ता की लाइन है—मैं खुद से ही बिछड़ा हूँ मेरा पता बताए कौन,सारे जग से रूठा हूं आकार मुझे मनाए कौन।

Thursday, September 22, 2011

अजय ने डाला मुश्किल में

श्रीगंगानगर-राजस्थान सरकार के कृषि ग्रुप-२ विभाग के "अजय" ने यहाँ के कई अधिकारियों को परेशानी में डाल दिया। ये अजय कौन है?किसका है? कहाँ का है?कोई नहीं जानता। दरअसल विभाग ने इस अजय अपने आदेश से कृषि उपज मंडी समिति अनाज श्रीगंगानगर का सदस्य मनोनीत किया है। इससे सम्बंधित आदेश कृषि उपज मंडी समिति ने अजय तक पहुँचाने हैं। लेकिन करें क्या? आदेश में ना तो पिता का नाम है ना कोई पता लिखा है। ऐसे में तो कोई भी अजय मेंबर होने का दावा कर सकता है। मंडी सचिव टी आर मीणा ने निर्वाचन अधिकारी हितेश कुमार को इस मुश्किल के बारे में बताया। उन्होंने सरकार से निर्देश मांगे। सरकार ने यह पता करने को कहा कि यह किसकी डिजायर पर बना है उससे सम्पर्क करो। विधायक संतोष सहारण से मंडी सचिव से बात की। संभव है इस बारे में कोई नया आदेश सरकार जारी करे। क्योंकि संतोष सहारण से ये आग्रह किया गया है कि वे सरकार से सम्पर्क कर इस आदेश को ठीक करवा लें। क्योंकि ऐसा ना होने पर २६ सितम्बर को अध्यक्ष के चुनाव के समय परेशानी हो सकती है। संभव है शीघ्र ही संशोधित आदेश यहाँ पहुँच जायेंगे। वैसे सूत्र यह कहतेहैं कि यह अजय विधायक संतोष सहारण का पुत्र अजय सहारण ही है। वैसे विधायक सहित १७ सदस्यों को सरकार के आदेश देने हैं। मगर सबके सब अंडर ग्राउंड हैं। अध्यक्ष के दावेदारों ने सबको इधर उधर कर रखा है। सब आदेश/सूचना उनके घरों पर चस्पा करने के अलावा कोई चारा नहीं है।

गणेश जी फिर चर्चा में

श्रीगंगानगर- गणेश जी के नाम पर आज शाम को जो चर्चा शुरू हुई वह दुनिया भर में फैल गई। कौन जाने किसने किसको पहला फोन करके या मौखिक ये कहा, गणेश जी की मूर्ति के सामने घी का दीपक जला कर तीन मन्नत मांगो पूरी हो जाएगी। उसके बाद तीन अन्य लोगों को ऐसा करने के लिए कहो। बस उसके बाद शुरू हो गया घर घर में गणेश जी के सामने दीपक जलाने,मन्नत मांगने और आगे इस बात को बताने का काम। एक एक घर में कई कई फोन इसी बात के लिए आए। श्र्द्धा,विश्वास और आस्था कोई तर्क नहीं मानती। अगर किसी के घर में कुछ ऐसा करने को तैयार नहीं थे तो एक ने यह कह दिया-अरे दीपक जलाने में क्या जाता है। कुछ बुरा तो नहीं कर रहे। लो जे हो गया। बस, ऐसे ही यह सब घरों में होने लगा। किसी के पास जोधपुर से फोन आया। तो किसी के पास दिल्ली से। किसी को इसकी सूचना अपने रिश्तेदार से मिली तो किसी को दोस्त के परिवार से। शुरुआत कहाँ से किसने की कोई नहीं जान सकता। 1994 के आसपास गणेश जी को दूध पिलाने की बात हुई थी। देखते ही देखते मंदिरों में लोगों की भीड़ लग गई थी। लोग अपना जरूरी काम काज छोडकर गणेश जी को दूध पिलाने में लगे थे।

गलती,भूल

श्रीगंगानगर के एक अखबार “सीमा संदेश”में आज पेज 10 पर विज्ञापन छपा। जिसमे राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल द्वारा सम्मानित होने पर किसी को बधाई दी गई है। उनको शुभचिंतकों ने। विज्ञापन में जो फोटो लगा है वह है रिश्वत लेते पकड़े गए हनुमानगढ़ के जेल उपधीक्षक का। साथ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारी। गलती होना तो स्वाभाविक है। अखबार में ऐसा हो जाता है। कल सुधार हो जाएगा। शायद इस गलती,भूल का पता नहीं लगता अगर रिश्वत वाली खबर इस विज्ञापन के निकट ना होती तो। आपको याद होगा कि एक गलती पर राजस्थान के मंत्री को मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था।