Saturday, August 4, 2012

सम्मान का यह ढंग तो गरिमामय नहीं हो सकता


 श्रीगंगानगर-वर्तमान समय ने कुछ सौ रुपए के शॉल और कुछ सौ रुपए के ही स्मृति चिन्ह को बहुत बड़े सम्मान का पर्याय बना दिया गया है। यह शुरू तो किया था क्लब संस्कृति ने ...अब इसे अपना लिया सभी ने। सम्मान भी इस प्रकार से करते हैं जैसे मजबूरी हो या चापलूसी करना जरूरी हो। सम्मान की अपनी गरिमा है। किसी का सम्मान, सम्मान जनक तरीके से गरिमामय माहौल में होना चाहिए ना कि केवल दिखावे के लिए। अब देखो, कुछ संस्थाएं सेठ बी डी अग्रवाल का सम्मान करेंगी। सम्मान भी कहां करेंगी जहां बी डी अग्रवाल करोड़ों रुपए के छात्रवृति देंगे। समारोह बी डी अग्रवाल का और सम्मानित करेंगे वे लोग व्यक्ति जो उन्हीं की समिति के हिस्से या पधाधिकारी हैं। । एक है मंदिर समिति। दूसरा सम्मान करेगी स्वर्णआभा विद्यार्थी शिक्षा सहयोग समिति,तीसरा सम्मान होगा बाला जी अन्नपूर्णा समिति की ओर से। और इन सबके बीच शिक्षा जगत में इस क्षेत्र की बहुत बड़ी संस्था टान्टिया हायर एज्यूकेशन इंस्टीट्यूट कैंपस की ओर से बी डी अग्रवाल को शॉल ओढ़ाया जाएगा। भीड़ बी डी की। समारोह बी डी का। खर्चा बी डी का। और उसी में सम्मान उस बी डी अग्रवाल का जो करोड़ों रुपया लोगों की शिक्षा पर खर्च कर रहा है। उस बी डी का जिसने करोड़ों रुपए के बीज किसानों को इस लिए बांट दिये ताकि किसान कर्ज मुक्त हो सके। उस बी डी अग्रवाल को जो कई अरब रुपए से मेडिकल कॉलेज खोलना चाहते हैं। उनके प्रोग्राम में उनको स्मृति चिन्ह देकर,शॉल ओढ़ाकर सम्मान। यह सम्मान करने का कोई सम्मान जनक और गरिमापूर्ण ढंग नहीं है। यह बी डी अग्रवाल का सम्मान नहीं....सम्मान तो तब हो जब ये संस्थाएं अपने यहां प्रोग्राम करें। ऐसा प्रोग्राम जिसमें हर जाति,धर्म,वर्ग,राजनीति,प्रशासन के खास व्यक्ति हों। आम जनता हो। वहां बी डी अग्रवाल की सेवाओं की जानकारी देकर संस्थाओं को उनके सम्मान के लिए प्रेरित क्या जाए। और उसके बाद बड़े आदर,विनम्रता,सरलता के साथ फूलों की,तुलसी की,चन्दन की माला भी पहना दी  जाए तो वह होगा असली सम्मान। सम्मान कोई मंहगा समान देने से नहीं होता। सम्मान तो गरिमा चाहता है। सम्मान की भी और जिसका सम्मान हो रहा है उसकी भी। फिर बी डी अग्रवाल का सम्मान तो वह करे जो बी डी अग्रवाल से बड़ा हो...सोच में। दानवीरता में। लोगों की भलाई करने में  । समाज हित की सोच रखने में। किसी का  घर जाकर सम्मान तो तब किया जाता है जब वह कहीं जाने में असमर्थ हो....बी डी अग्रवाल तो देश दुनिया घूमते हैं। उनका सम्मान तो एक भव्य समारोह में हो तभी बात हो....वरना तो वह सम्मान बी डी अग्रवाल के लिए तो नहीं। हां उनके खुद के लिए जरूर हो जाएगा।

Friday, July 27, 2012

कलेक्टर-पत्रकार उलझे प्रेस वार्ता में गरमा गर्मी


श्रीगंगानगर-मीडिया को प्रेस वार्ता के लिए बुलाकर आदेश निर्देश देने वाले जिला कलेक्टर अंबरीष कुमार की आज पत्रकारों से खूब गरमा गर्मी हुई। एक बार तो वार्ता में गए पत्रकारों ने कलेक्टर का बहिष्कार कर दिया। संभव है आगामी कुछ घंटों में फील्ड में रहने वाले पत्रकार जिला कलेक्टर के खिलाफ कोई बैठक कर कोई और निर्णय लें। पीआरओ सतीश सूद की मार्फत जिला कलेक्टर ने पत्रकारों को अतिक्रमण के मामले में कोई जानकारी देने के लिए बुलाया। अपनी आदत के अनुसार कलेक्टर ने पत्रकारों को कैमरे बंद करने के निर्देश दिये। पत्रकार भड़क गए। बात आगे बढ़ी तो कलेक्टर ने अप्रत्यक्ष रूप से धमकी भरे शब्दों में कहा कि पत्रकार क्या प्रकाशित करते हैं,वे सब जानते हैं। किसके प्लाट कहाँ है...किसने बेचे इसकी भी जानकारी उनको हैं। जांच करवाएँ तो बहुत कुछ सामने आएगा। कलेक्टर के इतना कहते ही पत्रकारों में आक्रोश पैदा हुआ। उन्होने एक स्वर में कलेक्टर से यही कहा कि आपने हमें धमकाने के लिए बुलाया है क्या....आप पहले हमारी जांच करवा लो उसके बाद ही बात करेंगे। बात इतनी अधिक बढ़ी की पत्रकार वार्ता उठाकर बाहर आ गए। नगर विकास न्यास के सचिव अशोक यादव और सतीश सूद ने पत्रकारों को बुलाया। मनाने की कोशिश की मगर कोई बात नहीं बनी। वार्ता में न्यास के चेयरमेन ज्योति कांडा भी थे। किन्तु वे कुछ नहीं बोले। पत्रकारों ने जिला कलेक्टर के व्यवहार की निंदा करते हुए इसे तानाशाही रवैया करार बताया है। खुद जिला कलेक्टर ने वेबसाइट से बात चीत में पत्रकारों से धम्की भरे लहजे में बात करने से इंकार किया। उन्होने कहा कि प्रेस वार्ता बंद होने के बाद कैमरे बंद करने को कहा था। अंबरीष कुमार ने कहा कि उन्होने सभी से प्रेम और आत्मीयता से बात की। ना तो किसी से चिल्ला कर बात की और ना ही गलत भाषा का प्रयोग किया। जिला कलेक्टर के अनुसार उन्होने पीआरओ और न्यास सचिव को सभी मनाने के लिए भेजा था लेकिन कोई आया नहीं।  ज्ञात रहे कि जब से अंबरीष कुमार जिला कलेक्टर बन कर यहाँ आए हैं तभी से उनका बरताव ऐसा है। मीडिया से सीधे मुंह बात नहीं करते। कांग्रेस लीडर अंबरीष कुमार की लल्ला लोरी कर खुश रखते हैं। खुद अंबरीष कुमार कांग्रेस लीडरों को कुछ नहीं समझते। अभी तक उन्होने तीन बार प्रेस को बुलाया। तीनों बार दिखावे के लिए कांग्रेस नेताओं को अपने साथ बिताया। पहली बार जगदीश जांदू को। दूसरी बार जगदीश जांदू,राजकुमार गौड़,पृथ्वीपाल सिंह और कश्मीरी लाल जसूजा को और आज शुक्रवार को ज्योति कांडा को। किन्तु ये कांग्रेस लीडर जिला कलेक्टर की हां में हां मिलाने के अलावा कुछ नहीं करते।

Thursday, July 26, 2012

जनता को बना रहें हैं सोनिया और मनमोहन सिंह


श्रीगंगानगर- दोनों बेहद खुश हैं। दोनों के यहां रोज दीवाली,होली,ईद है। इससे अधिक और क्या खुशी होगी कि एक सरकार में नहीं है फिर भी सरकार उसके इशारों पर चलती,बैठती,उठती है। दूसरा प्रधानमंत्री पद के काबिल नहीं फिर भी प्रधानमंत्री हैं। दोनों में से कोई राजनीतिक नहीं फिर भी हिंदुस्तान की राजनीति के सिरमौर हैं। एक दम सही आइडिया है सभी का...एक सोनिया गांधी...दूसरा मनमोहन सिंह। जिस काल में खुद की संतान माँ-बाप का कहा नहीं मानती उस दौर में हिंदुस्तान जैसे देश का प्रधानमंत्री सोनिया गांधी के  कहे से बैठता,उठता और बोलता है। संभव है कि किसी समय राहुल गांधी अपनी मम्मी का कोई कहा टाल दे लेकिन मनमोहन सिंह बिलकुल ऐसा नहीं करेंगे। बेटा बेशक आँख दिखा दे किन्तु मनमोहन सिंह कभी नजर नहीं उठाते सोनिया जी के सामने। देश का बंटाधार हो तो हो,सोनिया गांधी की बला से।  क्यों बदले सोनिया मनमोहन सिंह को।कलयुग में इस भाव में आज्ञाकारी,सुशील,ईमानदार,कर्तव्यनिष्ठ,मौन रहने वाला कर्मचारी मिलता कहां है। नरेगा के कारण तो और भी मुश्किल है।आप मनमोहन सिंह को कम मत समझो। पढे लिखे हैं। बड़े बड़े पद पर रहें हैं। वे भी समझते हैं सब बात। क्या हुआ जो कमरे में सोनिया गांधी को दंडवत करना पड़ता है। क्या खास बात है जो पर्दे के पीछे सोनिया जी किसी गलती पर दो चार पाँच दंड बैठक लगवा लेती हैं। उनकी डांट सुननी पड़ती है। मंच पर तो मनमोहन सिंह ही हीरो हैं। बंद कमरे में कान पकड़ने से कौनसी शान घटती है। बाहर दो दुनिया मनमोहन सिंह के कदमों में लाल कालीन बिछाती  हैं। इस बात का भी सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि लोग कठपुतली,गुड्डा कहते हैं। मनमोहन सिंह तो बस ये ध्यान रखते हैं...”कुछ तो लोग कहेंगे....लोगों का काम है कहना।“ फिर हमारे यहां तो कहावत है कि दूध देने वाली गाय की तो लात भी  सहनी ही पड़ती है।  दूध के लिए पशु की लात सहने वाले लोगों के इस देश में प्रधानमंत्री पद के लिए किसी भद्र महिला से डांट फटकार सुननी पड़े तो  कौनसा पहाड़ टूटता है।  इस देश में तो ऐसे ऐसे सेवक हुए हैं जिन्होने अपने नेता के कहने पर झाड़ू लगाने तक की बात कही। रसोई में काम करके इंसान कहां से कहां पहुँच गया। मनमोहन सिंह इसी श्रेणी के प्रधानमंत्री हैं तो क्या खास बात है। दोनों ज्ञानवान हैं। पढे लिखे हैं। सूझवान हैं। अच्छे संस्कारों वाले हैं। सब जानते हैं कि वे क्या कर रहें हैं। किन्तु दोनों की भलाई इसी में हैं। ये कहने की हिम्मत तो नहीं कि वे एक दूसरे को ...बना रहें हैं। हां,देश के हालत से ये जरूर साबित होता हैं कि दोनों एक दूसरे को यूज कर अपनी अपनी सत्ता का आनंद ले रहें हैं। सत्ता के लिए इनको ना तो अपने आत्म सम्मान से कोई मतलब है। है ना जनता के दुख दर्द से। एक को हिंदुस्तान जैसे महान देश का प्रधानमंत्री पद मिला हुआ है और दूसरे को एक आज्ञाकारी बेटे से भी अधिक आज्ञाकारी प्रधानमंत्री। सावन में “कचरा” पुस्तक की लाइन पढ़ो....मन मेरा तरसे नैना बरसे,आजा गौरी अब के सावन। सब के आँगन देखो पायल बाजे,छम छम को तरसे मेरा आँगन।

Monday, July 23, 2012

नर सेवा से पुलिस के चेहरे को निखार रहा है कांस्टेबल प्रमोद



श्रीगंगानगर- पूरी तरह से कुष्ठ रोगी। शरीर पर जगह जगह हुए घाव में रिस्ता तरल पदार्थ। जिन पर हर  वक्त मक्खियाँ की भिनभिनाहट। कुष्ठ के कारण हाथ पैर खुर रहें हैं। आँखों से क्या लगभग पूरे शरीर से लाचार। ट्राईसिकल पर ही गुजरती है उसकी जिंदगी। इसका ठिकाना है गंगा सिंह चौक। कोई भी व्यक्ति उसके निकट एक पल बिताने से पहले सोचे। परंतु एक व्यक्ति ऐसा भी है जो इसकी सेवा को अपना अहोभाग्य मानता है। व्यक्ति भी कौन! पुलिस का सिपाही। जी, उसी पुलिस का सिपाही, जिसके बारे में बुरी से बुरी बात कहने में कोई संकोच नहीं करता। हां,डरता जरूर है। यह सिपाही शनिवार अथवा इतवार को सुबह गंगासिंह चौक पहुंचता है। उसकी ट्राईसिकल को खुद ठेलता हुआ पुराने हॉस्पिटल लाता है। फिर शुरू होती है उसकी सेवा। उसे साइकिल से उठाकर एक पत्थर पर बैठाता है। उसे मल-मल कर नहलाता है। जैसे कोई माँ अपने बालक को स्नान करवाती है। उसके घावों पर मरहम लगाएगा। उसको देने वाली दवाई देगा। कपड़ों को धोएगा। ट्राईसिकल का सामान व्यवस्थित करेगा। लगभग एक से ढेढ घंटा उसको इस काम में लगता है। फिर उसको उसी प्रकार गंगा सिंह चौक पर छोड़ के आएगा। रास्ते में एक खोखा पर वह बाल्टी-मग रख देगा जो आते समय उसने ली थी। मजाल है जो इस सेवा के समय सिपाही के चेहरे या जुबान पर कोई खिझ,झुंझलाहट,हिचकिचाहट,घिन दिखाई दे या किसी को महसूस हो। उसे कोई देख रहा है तो कोई बात नहीं नहीं देख रहा तो कोई फर्क नहीं। उसकी सेवा इसी प्रकार होती है। कई माह से सिपाही चुपचाप यह सब उस दौर में कर रहा है जिस दौर में कोई किसी को एक रुपया भी दे तो बजा कर कर देता है ताकि सभी को पता लग जाए। यह सिपाही.....शांत मन से बिना किसी को बताए...लगा है ऐसे व्यक्ति की सेवा में जिसे वक्त ने हर प्रकार से मोहताज बना दिया। प्रमोद नामक यह सिपाही एसपी ऑफिस में है। प्रमोद जी ने ढाबे पर इस व्यक्ति के खाने का इंतजाम कर रखा है। प्रमोद जी कहते हैं....सभी के लिए तो कुछ करने की सामर्थ्य नहीं...एक की ज़िम्मेदारी ईश्वर ने मेरे निमित की है। देखें कितने दिन यह सेवा कर पाऊँगा। प्रमोद जी ने विनम्रता से आग्रह किया कि यह सब किसी को पता ना लगे। लेकिन आग्रह ना मानने को विवश हूं। क्योंकि ऐसे व्यक्ति के बारे में सबको पता लगना चाहिए जो निस्वार्थ भाव से किसी लाचार की सेवा कर रहा है ताकि कोई तो उससे प्रेरित हो सके। आज भी प्रमोद जी अपना काम करके चुपचाप चले जाते अगर वे हॉस्पिटल में डॉ नरेश बंसल से इंजेक्शन के सिलसिले में ना मिलते। डॉ बंसल ने मुझे बताया और मुझे अवसर मिला प्रमोद को यह सेवा करते हुए देखने का। प्रमोद जी की सेवा को कोई भी नाम,ईनाम,सम्मान देने से प्रमोद का नहीं बल्कि उस सम्मान,इनाम और नाम का मान बढ़ेगा। क्योंकि कुछ इंसान ऐसे होते हैं जिनके पास जाकर मान,सम्मान,ईनाम खुद गौरवान्वित होते हैं। [सॉरी प्रमोद जी मुझे लिखना पड़ा।]


Thursday, July 19, 2012

वक्त ने बदल दी मरघट की परिभाषा



श्रीगंगानगर-बात एक प्रसंग से शुरू करते है। परदेशी कबीर जी के घर गया। कबीर जी थे नहीं। उनकी पत्नी ने बताया कि वो तो अंतिम संस्कार में मरघट गए हैं,आप रुको,वो थोड़ी देर में आ जायेंगे। परदेशी ने कहा, नहीं मुझे जाना है। मैं मरघट होता हुआ चला जाऊंगा। बस मुझे कबीर जी की पहचान बता दो! कबीर जी की पत्नी ने बताया कि कबीर जी के सिर पर कलंगी उनकी पहचान है। परदेशी मरघट चला गया। वहां था सन्नाटा। लकड़ियों का चटकना,कुत्तों का भौंकना,सिसकियाँ इस सन्नाटे को तोड़ रही थी। चिता के चारों तरफ शोकाकुल लोग थे। लेकिन ये क्या....सभी  कलंगी वाले थे। परदेशी सोचने लगा, कबीर जी की पत्नी ने तो बताया था कि कबीर जी कलंगी वाले होंगे।  यहां तो सभी के कलंगी हैं। खैर,परदेशी रुका। संस्कार पूरा हुआ। लोगों ने अंतिम श्रद्धांजली दी और जाने लगे। परदेशी को और अचरज हुआ। जैसे जैसे लोग मरघट से निकल रहे थे वैसे वैसे उनकी कलंगी गायब हो रही थी। बस एक व्यक्ति बचा कलंगी वाला। निश्चित तौर पर  वे कबीर जी ही थे। परदेशी ने कबीर जी को प्रणाम किया। कलंगी होने,खोने के  प्रति जिज्ञासा प्रकट की। कबीर जी बोले, मरघट में चिता के पास खड़े लोग मौत से डरे हुए ईश्वर के ध्यान में थे। वे सांसारिक  मोह,माया,काम,क्रोध से दूर थे। तब ईश्वर की दृष्टि में सभी समान थे। इसलिए सभी के कलंगी थी।  परंतु मरघट से बाहर आते ही सब सांसरिक प्रपंच में लग गए तो ईश्वर से उनका नाता टूट तो कलंगी भी जाती रही.......
वर्तमान में ना तो मरघट रहे ना मरघट और चिता की मर्यादा। मरघट पिकनिक स्पॉट और जन संपर्क का माध्यम में बदल गए। शोक ग्रस्त परिवार के समक्ष हाजिरी लगाई और काम समाप्त। चिता जल रही है....किसी को शोक है...मरघट की गरिमा है...मर्यादा है उससे किसी को कोई मतलब ही नहीं रहा। मोबाइल फोन बज रहें हैं। कारोबार हो रहा है। निंदा चुगली...हंसी ठट्ठा चल रहा है। पार्क शानदार है...सब बैठे हैं अलग अलग ग्रुपों में। जाने वाले की अच्छाई...बुराई...उसके परिवार की कोई बात नहीं। जाने वाला समाज के लिए क्या करके गया....नहीं कर सका....कोई मतलब नहीं। ठीक है मरने वाले के साथ नहीं मर सकते। शो मस्ट गो ऑन।  परंतु चिता और मरघट की  मर्यादा तो कायम रख सकते हैं। मोबाइल मे साइलेंट मोड होता है। हंसी ठट्ठे की आवाज कम करने में क्या बुराई है? कारोबार की बात भी धीरे धीरे हो सकती है। राम राम नहीं करना है ना करो...किन्तु ऐसे आचरण से तो बचें जिससे शोक संतप्त परिवार की भावना आहत हो। वक्त ने मरघट को मरघट तो नहीं रहने दिया किन्तु इसे मर्यादा हीन गरिमाहीन  पिकनिक स्पॉट या चाय,काफी का अड्डा तो मत बनने दो। एक यही तो जगह है जहां इंसान अपना अंतिम समय देखता है। मौत से रूबरू होता है। किन्तु हमने कुछ भी ऐसा नहीं छोड़ा जिससे इंसान दो घड़ी  चिता के समक्ष खड़ा हो मनन कर सके अपने बारे में। लोक परलोक के बारे में। मरघट में तो मौत का भय होना स्वाभाविक है पिकनिक स्पॉट पर मौत का भय कहाँ से आएगा। वहाँ तो मस्ती और उल्लास होगा। चाहे कम हो चाहे अधिक। विकास समय की मांग है। लेकिन ऐसा विकास किस काम का जो मूल ही बदल दे।  ऐसा ही हुआ इस क्षेत्र में हर मरघटों के साथ। शबनम वहीद का शेर है...मेरे वजूद को दामन से झाड़ने वाले,जो तेरी आखिरी मंजिल है वो मिट्टी हूं मैं।  

Monday, July 16, 2012

टाइगर को पता लगी मीडिया की बेबसी,लाचारी


श्रीगंगानगर-शेर वन का राजा होता है। उसके लिए कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं होता। उसने आप को साबित किया होगा तभी वह राजा है।मीडिया ने भी पूरे देश में अपने आप को ताकतवर साबित करवाया। परंतु यहां ऐसा नजारा  देखना पड़ा जो कभी कल्पना नहीं की थी। एसपी के बुलावे पर मीडिया कर्मियों की भीड़,इतनी कि कुर्सी कम पड़ गई। एसपी ने डीजीपी के कहने पर बुलाया था पत्रकारों को। एसपी के अनुसार कुछ पत्रकार डीजीपी से मिले थे कि एसपी उनसे बात नहीं करता। पत्रकार पहुँच गए। कहने लगे .....हाय  कोतवाल फोन नहीं अटेण्ड करता....सी ओ फोन नहीं सुनता.....अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बात नहीं करता....एसपी केवल तीन चार अखबार वालों के फोन उठाते हैं। सालों से मीडिया का अहम हिस्सा बने पत्रकारों ने एसपी के समक्ष अपनी लाचारी,बेबसी प्रकट की। या ऐसे कहें कि छोटे छोटे अधिकारियों के बारे में प्रलाप किया। संभव पत्रकार ये पढ़कर मुझसे ही खुन्नस रखने लग जाएं...क्योंकि मीडिया छोटे छोटे अधिकारियों की शिकायत करे तो यह लाचारी,बेबसी,कमजोरी ही है। सबसे भ्रष्ट तंत्र में से एक मानी जाने वाली पुलिस का कोई अधिकारी मीडिया को भाव ना दे और मीडिया बजाए उसको आइना दिखाने  के उसकी शिकायत करे...तो यह कमजोरी,लाचारी  ही है मीडिया की। वरना एक पुलिस अधिकारी की इतनी हिम्मत कि वह मीडिया से बात ना करे। एसपी को कहना पड़े। डीजीपी को बताना पड़े। डीजीपी के बाद....किसको कहेंगे। जनता तो मीडिया को कहती है और मीडिया अपने आप को कमजोर मान कर एसपी से गुहार लगाता है। जनता में मीडिया की इमेज क्या बनेगी? श्रीगंगानगर का वह  मीडिया से जिसकी चमक और धमक दिल्ली जयपुर तक जानी जाती है।  आज इतनी लाचार हो गई कि छोटे छोटे अधिकारी उसके बस में नहीं आते। मीडिया को डीजीपी की शरण में जाना पड़ता है ये कहने के लिए कि एसपी हमे बुलाता नहीं। अरे नहीं बुलाए तो नहीं बुलाए.....अपनी शक्ति दिखाओ। परंतु ये संभव नहीं। मीडिया में ही इतने विचार हैं कि क्या कहने....सबके सामने कुछ कहेंगे और अकेले में अफसर की करेंगे लल्ला लोरी। मीडिया के दूसरे साथी की करेंगे आलोचना....आलोचना भी क्या निंदा। बस,अफसर समझ जाता है कि उसे क्या रणनीति अपनानी है। तभी तो ये स्थिति आती है। जितने  मीडिया कर्मी उतनी आवाज...जब आवाज अलग अलग हो तो फिर कैसी ताकत। तभी तो एसपी ने उपदेश दिया कि खबर से अखबार तो बिक सकता है, देश नहीं बन सकता। पहले देश के नागरिक हैं उसके बाद पत्रकार और एसपी। यह सब इसलिए कि यहां कई तरह का मीडिया है। एक वो जो अखबारों के मालिक हैं। दूसरा वो जो उनमें काम करता है। फील्ड में रहता है। खबर के लिए मारा मारी करता है। तीसरा टीवी चैनल वाला मीडिया। राजा कौन है...कहना मुश्किल....एक शेर बनने की कोशिश करता है तो  दूसरा दहाड़ मारता है....दूसरा सामने आता है तो पहला टांग खींच लेता है। मीडिया तो ताकतवर है...लेकिन यह ताकत बट गई।वरना यूं एसपी के सामने थानाप्रभारी और डीजीपी के सामने एसपी की शिकायत करने की नौबत नहीं आती। बात फिर वही कि शेर जंगल का राजा होता है...वह राजा होने के लिए जानवरों का मोहताज नहीं है।मीडिया भी शेर है....किन्तु यहां उसके नाखून और दाँत निकाल कर रख दिये गए हैं। उसका इस्तेमाल वे नहीं कर पाते जो फील्ड में रहते हैं।सैफी सिरोंजी का शेर है....उम्र भर करता रहा हर शख्स पर मैं तबसरे,झांक कर अपने गिरेबाँ में कभी देखा नहीं।   

Friday, July 13, 2012

ये मुर्दों का शहर है,यहां बोलना मना है



श्रीगंगानगर-ये मुर्दों का शहर है। यहां बोलना मना है। अपने आप को जिंदा साबित करने के लिए जुबां खोलोगे तो मुर्दा बना दिये जाओगे। इसलिए जिंदा रहना है तो मुर्दों  की तरह रहो। मुर्दा रहोगे तो जिंदा रहने की हसरत पूरी होती रहेगी। वरना मुर्दों में शामिल होने में एक क्षण भी नहीं लगेगा। शहर में कोई ये कहने वाला भी नहीं होगा कि कोई जिंदा भी है। कहेगा कौन? सब के सब मुर्दे जो हैं। और मुर्दे कभी बोला नहीं करते। समझे! जिंदा हो तब भी मुर्दा रहो। क्योंकि ये मुर्दों का शहर है। यहां ज़िंदों का कोई काम नहीं। कोई नाम नहीं। इसका अपना चलन है। यहां आपको अतिरिक्त रूप से कुछ नहीं करना। आंखों को उतना ही देखने की इजाजत देना जितना जिंदा मुर्दा बने रहने की जरूरत हो। ध्यान रहे मुर्दा ना देखता है,ना सुनता है और ना ही बोलता है। मुर्दा बस केवल मुर्दा है...केवल मुर्दा। पड़ा रहता है वहां जहां उसे पटक दिया जाए। रख दिया जाए। उस पर किसी मौसम का कोई असर नहीं पड़ता। महंगाई,भ्रष्टाचार,जुल्म,अन्याय,प्रताड़ना,उपेक्षा,मजबूरी,लाचारी,बेबसी,गरीबी.....जैसी सभी लानतों,बीमारियों का इससे कोई नाता नहीं है। न तो ये उसकी सेहत पर असर डाल सकती हैं ना वह इनकी परवाह करता है। क्योंकि मुर्दों में कोई संवेदना नहीं होती। भावना नहीं होती। बे भाव के होते हैं मुर्दे। वे ना देख सकते हैं। ना बोल सकते है और ना सुन सकते हैं। जड़ होते हैं वे। बस तुम इन शहरी मुर्दों में शामिल हो जाओ। वैसे तो मुर्दों में अकड़ होती है। लेकिन इस शहर के मुर्दे नायाब हैं। इनमें अकड़ नहीं है। हो भी कहाँ से! ये बिना रीढ़ के जो हैं। बिना रीढ़ के ये सचमुच के मुर्दे हैं। बस तुम्हें ऐसा ही बन कर रहना है। ठेठ गंगानगरी मुर्दा। जिसकी जय जय कार ये करें,तुम भी करो। ये हार पहनाएं तुम ताली बजाओ। जिसको हीरो बनाए,उस पर तुम फूल चढ़ाओ। जिसके ये चरण पखारें तुम उन तलवों को चाटो......अबे चुप! मुर्दों का आत्म सम्मान,स्वाभिमान,नहीं होता। वो मुर्दा है। एक दम खालिस मुर्दा। इसलिए जो बड़े मुर्दे करते हैं तू उनको फॉलो कर। संभव है तुझे ज़िंदों को मुर्दा बनाने वाली टोली में शामिल कर लिया जाए। तेरी पहचान हो जाए खास मुर्दों से। मुर्दों में सबसे अधिक सहन शक्ति होती है। मुर्दा दुख,सुख,मान,अपमान,चोट, से ऊपर उठ चुका होता है। शहरी मुर्दों में यह अधिक होता है। इसलिए याद रखना मुर्दों में जिंदा बनने की कोशिश करके तू मुर्दों की जमात को लजाना मत। उनमें विद्रोह की भावना पैदा मत करना। किसी को बताना भी मत कि तुम जिंदा हो। मुर्दा रहोगे तो जिंदा रहोगे। इसलिए इस शहर में अपने आप को जिंदा साबित करने की जिद छोड़,चल मुर्दा हो जा। बाकी लोगों की तरह। डॉ रमेश अग्रवाल की लाइन हैं....मेरा गम बांट कर लोगों में वो करते हैं काम ऐसे,यहां रो रोके सुनते हैं वहां हंस कर उड़ाते हैं।

Tuesday, July 10, 2012

“पापा आप हमारे स्कूल मत आया करो”


श्रीगंगानगर-बात चार पांच पुरानी होगी। 1971 से 1976 तक बड़ा मंदिर स्कूल में साथ पढ़े एक साथी ने रोका। बोला,यार बड़ी समस्या है। कई आशंका मेरे मन में आई...इससे पहले कि मैं कुछ कहता दोस्त कहने लगा....मेरे बच्चे फलां स्कूल [ बहुत बड़ा अंग्रेजी माध्यम का स्कूल ] में पढ़ते हैं। मैंने कहा, ये तो अच्छी बात है।स्टेट्स सिंबल है। अरे नहीं,साथी कहने लगा, यही समस्या है...बच्चे कहते हैं कि पापा आप स्कूल मत आया करो। स्कूल में दूसरे बच्चों के सामने हमें अच्छा नहीं लगता। क्योंकि यह साथी कमीज पायजामा पहनता है। और जब पापा कमीज पायजामा पहन कर बड़े स्कूल में जाएगा तो फिर बच्चों की रेपुटेशन पर तो असर पड़ेगा ही। मेरे पास साथी की समस्या का कोई समाधान नहीं था। पता नहीं ये वर्तमान शिक्षा का नजरिया है या समाज के बदले रूप का परिदृश्य। यह भी नहीं पूछ सका कि भाई ये बच्चों की सोच के प्रति तेरी पीड़ा है या बड़े स्कूल में पढ़ाने का अफसोस।
दिल्ली से श्रीगंगानगर की बस में। दो लड़कियां,एक लड़का पीछे वाली सीटों पर थे। बात चीत से संस्कारी लगे। पढ़ाई की बात चली तो शहर के बारे में पूछा। दोनों ने कहा अबोहर जाएंगे। अबोहर प्रोपर! दोनों ने एक दूसरे से पूछा। नहीं सादुलशहर। दोनों का जवाब था। दोनों के परिवार सालों से वहीं रहते थे, लेकिन चूंकि ये दोनों बच्चे वर्षों से बाहर रह कर पढ़ाई कर रहे थे, इसलिए एक दूसरे के परिवार से अंजान था। हां इनको नोएडा,गुड़गांव,दिल्ली,जयपुर जैसे बड़े शहरों की तो जानकारी थी,लेकिन अपने उस कस्बे की नहीं जहां उनका बचपन बीता । जहां रहकर उनके परिवार ने उनको इस काबिल बनाया कि वे बड़े शहरों को जान सकें निकट से। सादुलशहर है कितना। एक कौने से कोई बोले तो दूसरे कौने पर सुनाई दे।
दो उदाहरण काफी है  वर्तमान स्थिति को रेखांकित करने के लिए। बच्चों का भविष्य तो बहुत शानदार,जानदार,दमदार हो  गया। मगर बच्चे हमारे होकर भी हमारे नहीं रहे। उनकी दुनिया दादा,नाना के परिवार से बहुत अलग हो गई। उनकी अपनी दुनिया है। उसमें खून के रिश्तों,बचपन के साथियों,निकट के रिशतेदारों के लिए समय नहीं है। ये पैसा तो गाहे बगाहे भेज सकते हैं। समय नहीं दे सकते।बुजुर्ग होते माता  पिता के पास बैठ कर उनको दिलासा देने का समय इनके पास नहीं है। वे उनके पास बैठ कर ये नहीं कह सकते...पापा-मम्मी आप चिंता मत करो मैं हूं ना...आपकी, आपके रिश्तों की चिंता करने के लिए। उनका निर्वहन करने के लिए।“कचरा” की लाइन हैं --पुरवाई सी तेरी चाल काली घटाएँ तेरे बाल,तू चले तो सावन बरसे तू रुके तो बिजली कड़के,दुनिया नाचे दे ताल पे ताल....।

Thursday, June 28, 2012

कहीं ना कहीं कोई ना कोई तो जरूर है......


श्रीगंगानगर-चमत्कार होते हैं और संयोग भी। इनके बारे में पढ़ा भी और सुना भी। सृष्टि में कहीं न कहीं कुछ ना कुछ ऐसा जरूर है जो केवल अपनी मर्जी करता है। उसकी मर्जी में हमारा, तुम्हारा, इसका, उसका,किसी का कोई दखल नहीं। वह जो भी है विभिन्न प्रकार से अपने होने का एहसास करवाता रहता है। मौन रहकर घटनाओं के माध्यम से साबित करता है की कहीं ना कहीं किसी ना किसी रूप में मेरा अस्तित्व जरूर है। वह चेताता है...मैं हूं। कोई मानता है...कोई नहीं। कोई मज़ाक उड़ाता है कोई श्र्द्धा प्रकट कर उसकी लीला को प्रणाम करता है। ताजा घटना क्या है....संयोग,चमत्कार,,,,,,उसके होने का सबूत। पाकिस्तान की कोट लकपत जेल में सालों से कैद सरबजीत सिंह और सुरजीत सिंह। कोई ऐसा नहीं जो सरबजीत सिंह के नाम से अंजान हो। ऐसा एक भी नहीं जिसने सुरजीत सिंह के बारे में सुना हो। कहीं कोई जिक्र तक नहीं उसका...उसके परिवार का।  पाक सरबजीत की रिहाई की घोषणा करता है। तब भी सुरजीत सिंह को कोई जिक्र नहीं। कुछ घंटे बाद अचानक पाक घोषणा करता है की सरबजीत को नहीं सुरजीत को छोड़ा जाएगा। जो खुशियां थोड़ी देर पहले सरबजीत सिंह के परिवार के यहां बरसी....उनका रुख बदल गया। वे सुरजीत सिंह के घर छप्पर फाड़ कर आईं। अचानक...एकदम से। जो परिवार सालों से सरबजीत सिंह की रिहाई की कोशिश में लगा था उसका घोषणा के बावजूद कुछ नहीं हुआ। जिसके परिवार का कभी कोई नाम तक नहीं सुना वे अंतर्राष्ट्रीय फीगर बन गए। किसने सोचा था..नाम बादल जाएंगे। किसको पता था की सरबजीत सिंह के साथ कोई सुरजीत सिंह भी है। इस घटना को कोई भी नाम दिया जा सकता है। संयोग....चमत्कार...। जो यह संकेत करती है कि होगा वही जो मेरी इच्छा है। बेशक किसी भी घटना,दुर्घटना,संयोग का माध्यम तो यह संसार ही है...परंतु अंत में होना क्या है वह उसके सिवा कोई नहीं जानता जिसको किसी भी नाम से पुकारा जा सकता है। अब सबके सामने है कि जिसकी कभी चर्चा नहीं उसको आजादी मिल गई। जिसके लिए लंबे समय से यहां से वहाँ तक आवाज बुलंद की जा रही है, उसकी रिहाई घोषणा के बावजूद रुक गई। तो आज ...इस बात से इंकार कौन करेगा कि कहीं ना कहीं कोई ना कोई तो है जो इस संसार से भी ऊपर है। अब कोई ना माने तो ना माने.... । शायर मजबूर कहते हैं...खुदी को बुलंद कर तो रहा हूं मजबूर, डरता हूं,खुदा मुझसे शरमाये ना कोई।  

Wednesday, June 27, 2012

हर बार,बार बार




आगे बढ़ती हो
हाथ बढ़ाती हो
झिझकती हो
लौट जाती हो
हर बार,बार बार

कुए में ही भांग पड़ी है भाई...


श्रीगंगानगर-कुए में भांग पड़ना...इसे सुना तो जरूर है। इसका मतलब क्या होता है...लिखना मुश्किल। शायद यही कि सब कुछ गडमड है। या फिर सबसे एक से हैं...कुछ भी करो...किसी से भी कहो कोई अंतर नहीं पड़ेगा। लाचारी...बेबसी... । चलो आगे बड़े...सब समझ आ जाएगा। कुछ दिन पहले बीजेपी से आउट डेटेड...बढ़िया पढ़ाई किए हुए....समझदार व्यक्तियों को संगीत को शौक लगा। गाने मेडिकल कॉलेज का राग। राग बढ़िया थी। कई और व्यक्ति शामिल हो गए उनके साथ। संगीत का स्वभाव  ही ऐसा है...दूर तक जाती है इसकी धमक। तो  कांग्रेसी नेताओं के कानों में भी पड़े मेडिकल कॉलेज के स्वर। उनको भी भा गया यह संगीत। वे भी आ गए सुर में सुर मिलाने के लिए। ताकि श्रीगंगानगर सर्वे में शामिल हो जाए,श्रेय उनके खाते में। बैठक हुई....मेडिकल कॉलेज के गीत के बारे में बताया गया। डीएम  भी कागज दिया गया। डीएम को भी पसंद आ गया यह राग। कार्यवाही का भरोसा दिलाया। उत्साही मंत्री जी के घर पहुँच गए उनको सुनाने। मंत्री जी सीधे देहाती....गीत अच्छा लगा। मन में आई...ये तो मुख्यमंत्री को सुनाना चाहिए। मंत्री जी राजधानी पहुंचे और सुना दिया वही गीत मुख्यमंत्री को जो उनको आउट डेटेड बीजेपी वालों ने सुनाया था। लाडले मंत्री ने सुनाया तो मुख्यमंत्री जी ने कान धरे। मुख्यमंत्री ने गीत के भाव भेज दिये जरूरी कार्यवाही के लिए। गंगानगर से भी आए पड़े थे। अफसरों को यह गीत कुछ सुना हुआ लगा.....फाइल देखी....आँख खुली....अरे ये तो पहले से ही हैं यहाँ पर। श्रीगंगानगर को तो इस गीत की जरूरत नहीं...। अब आते हैं कुए में भांग पड़ने वाली बात पर। श्रीगंगानगर को सर्वे में शामिल करवाने की मांग शुरू हो गई....सब लग गए...वे भी जो सरकार में थे और वो भी जिनके बारे में यह कहा जाता है कि वे सरकार के निकट हैं। वे भी जो सरकार चलाते हैं। किसी को यह पता ही नहीं या किसी ने यह जानकारी लेने की जरूरत ही नहीं समझी कि असलियत क्या है। सरकार कहती है कि श्रीगंगानगर को सर्वे की जरूरत ही नहीं वह तो हकदार है मेडिकल कॉलेज का। हम सर्वे के गीत गा  रहे हैं। सब के सब लग गए बिना जानकारी लिए। अब ऊपर क्या इमेज बनी होगी गंगानगर की। अब जब गंगानगर हकदार है तो सब चुप हो गए।  दो लाइन पढ़ो... मेरी हंसी से मेरी हालत का अंदाजा मत लगाना ,ये तो दर्द छिपाने के लिए ओठों पर आती है। [कचरा पुस्तक से ]

Thursday, June 21, 2012

कलेक्टर ने जगदीश जांदू को आगे बढ़ाया


श्रीगंगानगर-अब इसमे कोई संदेह नहीं कि कांग्रेस के बड़े नेताओं की या तो जिला कलेक्टर अंबरीष कुमार से कोई ताल मेल नहीं है या फिर जिला कलेक्टर इन नेताओं की परवाह नहीं करते। उनकी किसी से ट्यूनिंग है तो वो है नगर परिषद सभापति जगदीश जांदू। इसका सबूत है जिला कलेक्टर की प्रेस कोन्फ्रेंस। ओवर ब्रिज इस शहर के लिए बहुत बड़ा मुद्दा है। यह कहां बनेगा?कब शुरू होगा?बनेगा या नहीं?कौन इसके लिए प्रयास कर रहा है?ये सब बातें टॉक ऑफ टाउन हैं। कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुके राज कुमार गौड़ के लिए भी यह सर्वाधिक महत्वपूर्ण बात है। जिस मुद्दे पर इतनी भ्रांतियां,शंका हो....वह सब निपट जाएं........ओवरब्रिज की जगह निश्चित हो जाए....मंजूरी हाथ में हो और कांग्रेस का कोई नेता इसकी घोषणा करे तो उसकी बल्ले बल्ले होना स्वाभाविक है। जो घोषणा करेगा श्रेय भी उसकी की झोली में होगा। राजनीतिक मजबूती भी उसे ही मिलेगी। बधाई उसे ही मिलेगी। प्रशासन पर पकड़ उसी की साबित होगी। सरकार तक अप्रोच उसी की दिखेगी। काम करवाने वाला नेता भी वही कहलाएगा। जब नेताओं में  छोटे छोटे विकास अपने नाम दर्ज करवाने की हौड़ मची हो ऐसे में ओवरब्रिज की मंजूरी की घोषणा करने वाले नेता का तो हीरो बनना बनता ही है। लेकिन जिला कलेक्टर ने जगदीश जांदू को छोड़ कर किसी को तवज्जो नहीं दी। जो घोषणा करके कांग्रेस के बड़े नेता को जनता में वाह वाही लूटनी चाहिए थी वह जिला कलेक्टर ने जगदीश जांदू को साथ बैठाकर कर दी। जिला कलेक्टर ने किसी कांग्रेसी  को मौका ही नहीं दिया ओवरब्रिज का श्रेय लेने का। जांदू को साथ ले ओवरब्रिज का ताज उनके सिर रख दिया। उन्होने श्री जांदू की उपस्थिति  में ओवरब्रिज की घोषणा करके उनको आगे बढ़ा दिया। राजनीति में कहने से अधिक दिखने का प्रभाव अधिक होता है। अब सीएम मंच से ए  नेता की तारीफ करे और फिर बी नेता के कंधे पर हाथ धर उसे साइड में लेकर चला जाए। बात कुछ भी ना करे....लेकिन बी की वो बल्ले बल्ले हो कि क्या कहने। यही जिला कलेक्टर ने जगदीश जांदू के साथ किया। एक तो उन्होने यह संदेश दिया कि मेरे तो जगदीश जांदू जी दूसरा ना कोई....दूसरा ये कि कोई सीएम के निकट हो या किसी ओर के हमारे कोई फर्क नहीं पड़ता। बाकी जनता खुद समझदार है। अर्थ अपने आप निकाल लेती है। “कचरा” पुस्तक की लाइन पढ़ो...कभी झिझक दिखे कभी तड़फ दिखे हर वक्त तुम्हारी आँखों में, मैं क्या जानू मुझे क्यों दिखता है संसार तुम्हारी आँखों में।


Wednesday, June 20, 2012

टिकट की नो टेंशन...चुनाव तो लड़ना ही है



श्रीगंगानगर-जिले के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में कम से कम एक एक राजनेता ऐसा है जिसे हर हाल में चुनाव लड़ना ही है। ऐसे महानुभाव कांग्रेस में भी हैं और बीजेपी में भी। इनको पार्टी टिकट दे तो वैल एंड गुड....ना दे तो और भी बढ़िया। चुनाव से तो पीछे हटना ही नहीं। तो श्री गंगानगर से शुरू करते हैं। श्रीगंगानगर से शुरू करना है तो राधेश्याम गंगानगर का नाम लिखना ही पड़ेगा। 1977 के बाद कौनसा विधानसभा का चुनाव था जिसमें राधेश्याम जी नहीं थे। 2008 में टिकट नहीं मिली तो पार्टी बदल ली। 2013 में गड़बड़ हुई तो निर्दलीय लड़ेंगे या घर लौटने का रास्ता तलाश करेंगे।  सादुलशहर में यही बात गुरजंट सिंह बराड़ के लिए कही जा सकती है। 1993 में निर्दलीय तौर पर जीते। श्री बराड़ को टिकट मिले ना मिले कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। इनका खुद का वजूद इतना है कि निर्दलीय लड़ कर पूरा समीकरण बदलने की क्षमता है इस परिवार में। ये अलग बात है कि परिवार के राजनीतिक मनमुटाव अब बाहर दिखने लगे हैं। राम प्रताप कासनिया भी इसी श्रेणी के लीडर हैं। पार्टी के विचार,निष्ठा,सिद्धान्त  टिकट मिलने तक ही हैं। ऐसा कौन है जो टिकट ना मिलने पर इनको चुनाव लड़ने से रोक सके। खुद नहीं जीते तो पार्टी उम्मीदवार को चित्त तो कर सकते हैं। रायसिंहनगर के दुलाराम भी इस काम के मास्टर हैं। चुनाव तो लड़ेंगे ही। टिकट दी तो उसका झण्डा उठा लेंगे। राजनीति में इनका एक ही नियम है...चुनाव लड़ना। श्रीकरनपुर के गुरमीत सिंह कुन्नर भी इनसे अलग नहीं है। पिछली बार उन्होने ऐसा ही किया। 2013 में अब अधिक समय नहीं है। असल में इसके लिए इनको दोष देना ठीक नहीं है। अगर ये नेता चुनाव ना लड़ें तो क्या करें...घर बैठ जाएं...और राजनीतिक रूप से हो जाएं शून्य....... । गुरमीत सिंह कुन्नर चुनाव ना लड़ते तो आज कहां होते। जगतार सिंह कंग बनने में देर नहीं लगती राजनीति में। यही होता है राजनीति में। जगह खाली नहीं रहती कभी। आप नहीं तो कोई दूसरा  तैयार है जगह रोकने के लिए। एक बार जगह किसी और ने रोकी नहीं कि आप आउट राजनीति से। अपने आप को राजनीति में बनाए रखने,अपना वजूद साबित करने के लिए टिकट मिले ना मिले चुनाव लड़ना जरूरी हो जाता है। इस बार के चुनाव में कोई नए नाम जुड़ सकते हैं... जगदीश जांदू....अशोक नागपाल....हंस राज पूनिया....बलराम वर्मा.... । राजनीति से हटकर “कचरा” पुस्तक की दो लाइन पढ़ो...प्रीत का मौन निमंत्रण मिलता मुझे तुम्हारी आँखों में,कभी झिझक दिझे कभी तड़फ दिखे हर रोज तुम्हारी आँखों में।